कहानी -
सांसों का वज़न --
“कहानी में प्रयुक्त सभी नाम, क़िरदार और घटनाएँ लेखक की कल्पना पर आधारित हैं।
यदि किसी वास्तविक व्यक्ति या घटना से समानता हो, तो उसे केवल संयोग समझा जाए।”
डॉक्टर ने रिपोर्ट देख कर कहा था - "ज्यादा से ज्यादा छह महीने। फेफड़े जवाब दे रहे हैं।"
राघव ने रिपोर्ट मोड़ कर जेब में रख ली और ऐसे मुस्कुरा दिया जैसे डॉक्टर ने कहा हो - बस धूल से बचना, बाकी सब ठीक है।
बाहर वेटिंग रूम में उसकी पत्नी सुधा इंतज़ार कर रही थी। पंद्रह साल की शादी में उसने राघव का एक ही उसूल देखा था - जब बात बहुत बड़ी हो, तो वो बहुत छोटी मुस्कान देता है।
"क्या बोला डॉक्टर ने?" सुधा ने पूछा।
"कह रहा है, थोड़ा इंफेक्शन है। दवा दे दी है। धूल से बचने को कहा है। चलो, घर चलते हैं।"
सुधा ने कुछ नहीं कहा। बस उसका हाथ पकड़ लिया।
घर लौट कर राघव ने रात भर कुछ नहीं कहा। आधी रात को उठा, अलमारी खोली और सबसे नीचे से एक डायरी निकाली। कॉलेज के दिनों की डायरी, जिसके पहले पन्ने पर लिखा था - "राघव, बी.ए. द्वितीय वर्ष"। अंदर एक अधूरी कहानी थी, जिसका शीर्षक था - सांसों का वज़न। वो कहानी लिखना चाहता था, पर फिर नौकरी लगी, शादी हुई, बिट्टू हुआ, माँ के घुटने खराब हुए और लिखना कहीं पीछे छूट गया।
उस रात उसने उसी कहानी के नीचे लिखना शुरू किया। कहानी एक ऐसे आदमी की थी जिसे पता चलता है कि उसकी सांसें गिनी हुई हैं।
अगली सुबह से राघव का नया रूटीन बन गया। सुबह चार बजे उठना, दो पन्ने लिखना, फिर बस डिपो जाना, फाइलें निपटाना, शाम को घर लौट कर फिर लिखना। कभी-कभी लिखते-लिखते खांसी आती, खून आ जाता, तो वो पन्ना पलट देता।
सुधा देख रही थी कि राघव बदल रहा है। वो अब झुंझलाता नहीं था। बिट्टू की शरारत पर हँस देता। माँ की दवा खुद लाकर देता। एक दिन उसने एक लिस्ट बनाई और फ्रिज पर चिपका दी।
1. सुधा की सिलाई मशीन ठीक करवानी है।
2. बिट्टू का एडमिशन अच्छे स्कूल में।
3. माँ के घुटने का ऑपरेशन।
हर काम में पैसा लगता था, और पैसा था नहीं।
एक महीने में कहानी आधी हो गई। एक रात सुधा ने वो डायरी देख ली। साथ में वो रिपोर्ट भी जो राघव ने गीता की किताब में छुपा रखी थी।
सुधा पूरी रात सो नहीं पाई। सुबह उसने कुछ कहा नहीं। बस चुपचाप राघव के लिए काढ़ा बनाया और बोली, "आज शाम जल्दी आ जाना।"
राघव जब शाम को लौटा तो देखा घर में मोहल्ले के दस-बारह लोग बैठे हैं। हर किसी के हाथ में उसकी कहानी की फोटोकॉपी है। सुधा ने बिना बताए उसकी अधूरी कहानी ज़ेरॉक्स करा दी थी और सबको बाँट दी थी।
राघव घबरा गया, "ये क्या किया सुधा? ये तो अधूरी है।"
मोहल्ले के मास्टर जी बोले, "अरे वाह राघव, इतना अच्छा लिखते हो, पता ही नहीं था। आगे क्या हुआ? वो आदमी तालाब बनवा पाया?"
उस दिन के बाद हर शाम उसका घर छोटा सा चौपाल बन गया। लोग आते, राघव उन्हें कहानी सुनाता। कहानी में वो आदमी अपनी बची हुई सांसों से एक-एक काम पूरा करता - अपनी बेटी के लिए झूला, अपनी पत्नी के लिए चूड़ियाँ, अपने गाँव के लिए एक छोटा सा पुस्तकालय। लोग सुनते, रोते, हँसते।
डॉक्टर ने छह महीने कहे थे, तीन महीने बीत गए। राघव की सांसें अब सीढ़ियाँ चढ़ते ही फूलने लगती थीं। पर कहानी अब आखिरी मोड़ पर थी। आखिरी पन्ना बचा था।
वो लिख नहीं पा रहा था। उसे समझ नहीं आ रहा था कि अंत क्या हो - आदमी मरे या जिए।
उस रात उसकी हालत ज्यादा खराब थी। सुधा उसका सिर दबा रही थी।
"क्या लिखूँ अंत में?" उसने धीरे से पूछा।
सुधा ने कहा, "जो सच है वही लिख दो। जो तुम जी रहे हो।"
राघव ने कांपते हाथों से आखिरी पन्ना लिखा -
"आदमी ने अपनी आखिरी सांस ली और उसे तोला। वो बहुत हल्की थी, बिल्कुल फूल जैसी। क्योंकि उसमें कोई बोझ नहीं था, कोई अधूरा काम नहीं था। वो हल्की सांस हवा में उड़ी और सीधे उसकी पत्नी की सांस में जाकर मिल गई। लोग कहते हैं आदमी चला गया, पर पत्नी जानती है, वो अब भी उसी के भीतर सांस ले रहा है, हर सिलाई मशीन की टिक-टिक में, हर किताब के पन्ने में।"
अगली सुबह राघव नहीं उठा। उसकी छाती पर वही डायरी पड़ी थी, पूरी हुई।
आज दो साल हो गए। सुधा ने उस कहानी को छपवा दिया है। छोटी सी किताब, नाम वही - सांसों का वज़न। बिट्टू के स्कूल की लाइब्रेरी में भी है। सुधा जब सिलाई मशीन चलाती है तो डायरी को पास ही रखती है। जब पन्ने हवा से फड़फड़ाते हैं, तो उसे लगता है जैसे कोई बहुत पास में सांस ले रहा है, बिल्कुल उसके कंधे पर सिर रख कर।
#अशोक_मसरूफ़
Pic credit -ChatGpt
कुछ पल यूँ ही याद आ जाते हैं!
बिना किसी वजह के, बिना किसी मतलब के!
जहाँ ख़्यालों में ये अहसास साथ रहता है कि अपना कोई है,जो चुपचाप मुझे सुन रहा हो! 🍃
"दिल ढूँढता है फिर वही फ़ुर्सत के रात दिन,
बैठे रहें तसव्वुर-ए-जानाँ किए हुए.🎶
#जज़्बात#GulzarSahab#भूपिंदरसिंह
📸🍃🫶
दिन की जो बातें बची हैं -
सुबह का खुला दरवाज़ा अब धीरे-धीरे बंद हो रहा है,
बाहर गली में बिखरा कचरा अब समेटा जाने लगा है,
सामने वाले घर की छत पर दिया जलने लगा है,
और पूरे मोहल्ले में शंख की आवाज़ गूँजने लगी है।
कुछ दुआएँ आज बिना माँगे ही दिल में रख ली गईं,
कुछ शिकायतें आज होंठों तक आकर रुक गई थीं,
हर दुआ का ज़ुबान पर आना ज़रूरी तो नहीं होता,
कुछ दुआएँ बस दिल में ही कबूल हो जाती हैं।
कभी किसी पुराने मंदिर की घंटी याद आती है,
और कान उसी आवाज़ को फ़िर से सुनना चाहते हैं,
कभी कोई भूला हुआ भजन होंठों पर आ जाता है,
जो बचपन में सुना था, अब और गहरा लगता है।
और कुछ अगरबत्तियाँ ऐसे ही अधजली पड़ी रह जाती हैं,
न पूरी जलती हैं, न बुझ कर ख़त्म होती हैं,
वो बस धुएँ के साथ धीरे-धीरे घुलती रहती हैं,
जैसे कोई प्रार्थना हवा में घुलती रहती है।
फ़िर रात आकर सारे दिए धीमे कर देती है,
और हर जागती हुई उम्मीद को सुला देती है,
तब भीतर से एक दिया फ़िर से जलने लगता है,
जो बचा है, वही तो ईश्वर का दिया है।
शुभ रात्रि मधुर स्वप्न मीठी यादें 🙏 🪴 🙏
#अशोक_मसरूफ़
Pic credit -ChatGpt
ग़ज़ल -- तेरी चाहत के नाम
तेरे एहसास को दिल में यूँ सँवारा करते हैं,
हम तुझे याद भी दिल से ही दोबारा करते हैं।
तेरी आँखों में जो इक ख़्वाब नज़र सा आता है,
हम तो उस ख़्वाब से ही रोज़ गुज़ारा करते हैं।
तेरी आवाज़ में कुछ ऐसी कशिश तो है जानाँ,
हम तो ख़ामोशियों में उसको निहारा करते हैं।
तेरे आने से बदल जाता है मौसम ही दिल का,
हम तेरे नाम से हर जश्न ए बहारा करते हैं।
तू जो मिल जाए तो दुनिया भी हसीं ये लगती है,
हम इसी बात को दिन रात पुकारा करते हैं।
तेरे होंठों की हँसी दिल में उतर जाती है जब,
हम तो तेरी हँसी से दिल का गुज़ारा करते हैं।
तू कभी पास रहे, वक़्त ठहर जायेगा ये,
हम ख़ुदा को यही छोटा-सा इशारा करते हैं।
यार मेरे तिरी चाहत का यही तो हासिल है,
हम तुझे सोच के ख़ुद को भी निखारा करते हैं।
#अशोक_मसरूफ़
PIC credit -ChatGpt
रूबाई -
तेरी चाहत का असर कम नहीं दिल होने देता,
दिल तुझे... ख़ुद से कभी दूर.. नहीं होने देता,
तू भले लाख...छुपा ले यूं तो आँखों में चाहत,
फ़िर भी ये दिल तुझे...मज़बूर नहीं होने देता।
#अशोक_मसरूफ़
PIC credit -pinterest
एक अच्छी बात -
किसी के दिन को बेहतर बनाने के लिए
हमेशा बड़ी मदद नहीं चाहिए,
एक मीठी बात भी काफ़ी है,
एक सच्ची मुस्कान भी काफ़ी है,
किसी को उम्मीद दे देना भी
एक नेकी है,
जिसका असर बहुत दूर तक जाता है।
#अशोक_मसरूफ़