मप्र कांग्रेस का ‘सेल्फ गोल’: जब पटवारी के 500 करोड़ी ‘घोटाले’ पर दिग्विजय ने ही फेर दिया पानी!
मप्र की वीर भारत न्यास’ मामले में पिछले 48 घंटों के भीतर जो कुछ भी घटा, उसने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मप्र कांग्रेस में संगठन और आपसी तालमेल नाम की कोई व्यवस्था वजूद में नहीं है।
पूरा घटनाक्रम किसी राजनैतिक थ्रिलर से कम नहीं है। दो दिन पहले तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इस मुद्दे को लेकर फ्रंटफुट पर खेल रहे थे। उन्होंने बाकायदा दिल्ली में राष्ट्रीय मीडिया के सामने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि भाजपा सरकार ने उज्जैन में 500 करोड़ रुपये की सरकारी कलेक्टरेट जमीन और ऐतिहासिक इमारत को महज ₹1 में एक निजी ट्रस्ट को सौंप दिया। पटवारी ने इसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा सरकार का ‘महाघोटाला’ करार देते हुए इसे "धर्म के नाम पर लूट" तक कह दिया था।
पार्टी इस मुद्दे पर भाजपा को बैकफुट पर धकेलने की रणनीति बना ही रही थी कि अचानक पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपनी ही पार्टी के अध्यक्ष के दावों की धज्जियां उड़ा दीं। उज्जैन में पत्रकारों के सामने बकायदा 'ट्रस्ट डीड' लहराते हुए दिग्विजय सिंह ने साफ कह दिया कि यह कोई निजी नहीं, बल्कि सरकारी और सार्वजनिक ट्रस्ट है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि चूंकि इसके पदेन अध्यक्ष खुद मुख्यमंत्री होते हैं और उनके व कमलनाथ के समय भी यही व्यवस्था थी, इसलिए भ्रष्टाचार का यह आरोप सही नहीं है। सिंह ने तो यहाँ तक जोड़ दिया कि कुछ दलाल लोग झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेलिंग का खेल खेलते हैं।
इस एक ‘सेल्फ गोल’ ने पूरी बाजी पलट कर रख दी है। जो भाजपा लैंड डील के आरोपों के बाद बैकफुट पर नजर आ रही थी, दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद वह अचानक आक्रामक हो गई है। भाजपा अब पूछ रही है कि जब कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री खुद इस पूरी प्रक्रिया को वैध और सरकारी बता रहे हैं, तो प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी किस आधार पर दिल्ली में बैठकर हवा में तीर चला रहे थे?
यह पहला मौका नहीं है जब मप्र कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के सुर आपस में टकराए हों, लेकिन यह पहला मौका जरूर है जब एक ही गंभीर मुद्दे पर पार्टी के दो सबसे बड़े चेहरे एक-दूसरे को सार्वजनिक रूप से गलत साबित कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह का यह ‘खुलासा’ जीतू पटवारी की राजनैतिक परिपक्वता और कांग्रेस के रिसर्च विंग पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
@meenasamajnews@rawat_ramniwas आदरणीय भाई साहब श्री रामनिवास रावत जी कैबिनेट मंत्री म. प्र. शासन को वन एवं पर्यावरण विभाग मिलने पर बहुत बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं
रामनिवास रावत समर्थक विजयपुर