वरिष्ठ पत्रकार,
35 वर्ष से अधिक समय तक सक्रिय पत्रकारीय जीवन में स्वतंत्र भारत और दैनिक जागरण में महत्वपूर्ण पदों का दायित्व संभाला। संप्रति स्वतंत्र लेखन।
राष्ट्र मनुष्य जीवन के लक्ष्य तक पहुंचने में यदि सहायक साबित नहीं हो, तो उसकी उपयोगिता क्या है? मनुष्य राष्ट्र से बहुत बड़ा होता है। उसके जीवन के समस्त उद्देश्यों और आवश्यकताओं की समुचित व्यवस्था नहीं कर सकने वाले राष्ट्र कभी सशक्त नहीं हो सकते।
यदि मनुष्य आत्म-प्रकाश के सुयोग से वंचित रह गया, उसका शरीर स्वस्थ-सबल नहीं रहे, बुद्धि पूरी तरह ज्ञान से सतेज न हो और हृदय को प्रेम से विशाल होने का अवसर न मिल पाए, तो राष्ट्र या समाज के रहने न रहने का क्या अर्थ रह जाएगा? तमाम विधि-विधान और सभ्यता का क्या मूल्य होगा?
एक सुदृढ और परिपूर्ण सामाजिक-आर्थिक-राजनीतिक व्यवस्था स्थापित करने के लिए सवर्प्रथम मानव की आदर्श जीवनधारा को ठीक से समझना होगा। धर्म हो, समाज हो, राष्ट्र हो या शास्त्र ही क्यों न हो सबकी साथर्कता मनुष्य के ज्ञान में निहित है।
मनुष्य को लोभवृत्ति का परित्याग कर पृथ्वी की संपूर्ण रक्षा करनी होगी। ऐसा शीघ्र नहीं हुआ, तो धीरे-धीरे मानव समाज का अस्तित्व मिट जाएगा। इसके खतरे तेजी से बढ़ रहे हैं। हमारी शुभ शक्ति और शुभ चिंतन ही पर्यावरण को बचाने में कारगर सिद्ध हो सकती है।
प्रकृति का अपना एक आंतरिक मूल्य है, जो मात्र मानव के उपभोग के लिए नहीं है। लेकिन, हम निज स्वार्थ के लिए पृथ्वी को लगातार नुकसान पहुंचाने से बाज नहीं आ रहे। वह भी तब, जबकि विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के माध्यम से पृथ्वी निरंतर हमें गंभीर चेतावनी दे रही है।
धरती का तेजी से बढ़ता पर्यावरणीय असंतुलन दूर करने के लिए मानव समाज को पृथ्वी से नए और स्थायी संबंध स्थापित करने होंगे। समझना होगा कि समस्त जीवित प्राणी और पारिस्थितिकी तंत्र न सिर्फ आपस में जुड़े हैं, बल्कि एक-दूसरे पर निर्भर हैं। यह एक प्राकृतिक सत्य है, जिसे स्वीकार करना होगा।
आज सामान्य जनजीवन निराशाजनक स्थितियों में घिरा है। उसके सपने टूटकर बिखर रहे हैं। व्यक्तिगत रूप से सपनों का मरना सिर्फ संबंधित व्यक्ति पर प्रभाव डालता है, लेकिन किसी समूह या समाज के सपनों का टूटना व्यापक प्रभाव छोड़ता है। अक्सर उन सपनों के मरने की प्रतिक्रिया युगांतरकारी होती है।
वैश्विक स्तर पर एक साझा संस्कृति विकसित की जाए, आपसी सहमति-सहयोग शक्ति बने और लोकतंत्र के उच्च मानदंडों का अनुपालन सुनिश्चित कर, उसे आदर्श बनाने की कोशिश हो। यह शुभ-घड़ी कब आएगी? इसकी पहल कौन करेगा? इस प्रयास से सभी सहमत होंगे या नहीं? इस तरह के कई सवाल अभी अनुत्तरित हैं।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन या फिर इसका कोई सशक्त विकल्प तलाशने का वक्त आ गया है। यह तभी संभव है, जब विश्वभर के राष्ट्राध्यक्ष, श्रेष्ठ विचारक-विश्लेषक और प्रभुत्वशाली व्यक्तित्व एक मंच पर एकत्रित होकर इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दें। गंभीरता के साथ चिंतन-मनन करें।
वैज्ञानिक आविष्कार सामाजिक अग्रगति के लिए हो, न कि विनाशकारी हथियारों के निर्माण के लिए। शक्ति संतुलन के लिए जरूरी हो, तब भी इनका सीमित तथा नियंत्रित निर्माण हो। विज्ञान का व्यवहार कला की तरह होना चाहिए, जो सेवा एवं कल्याण के प्रति समर्पित हो।
जीवन के समस्त क्षेत्रों में पुनर्जागरण आवश्यक है। गहरी नींद में सोई मानवता को जगाना होगा। मानव अस्तित्व के सभी स्तर पर कुछ नया करने की हर संभव कोशिश करनी चाहिए। शास्त्र को ‘शस्त्र’ बनाने से रोकना होगा। शास्त्रों की सार्थकता जीवन के विकास में है, जीवन के विनाश में नहीं।
मतदाता जागरूक हों, तो बदलाव संभव है। दुर्भाग्य से आज अधिसंख्य मतदाता क्षणिक लाभ के चक्कर में अपात्र उम्मीदवार को आसानी से अपना कीमती मत दे देते हैं। नतीजा, संसद और विधानसभाओं में कई गलत लोग पहुंच जा रहे हैं। नागरिक स्तर पर राजनैतिक साक्षरता आवश्यक। कब होगा, कौन करेगा...?
आश्चर्य है, निरंतर बढ़ते जन-आक्रोश को जिस शिद्दत से स्वतंत्र राजनीतिक विचारक-विश्लेषक अनुभव कर रहे हैं, वह राजनीतिज्ञों को दिखाई क्यों नहीं पड़ता? सख्ती के ‘हथियार’ से किसी भी सरकार विरोधी आंदोलन को दबाना कुछ बार भले संभव है, लेकिन बार-बार मुमकिन नहीं। सख्ती नहीं, समाधान खोजें।