कलियुग भले ही दोषों का समुद्र है, पर इसमें एक सबसे बड़ा सद्गुण है,
केवल श्री कृष्ण के नाम का प्रेमपूर्वक कीर्तन करने मात्र से ही जीव संसार के सारे बंधनों से मुक्त होकर परम पद को प्राप्त कर लेता है।
भजन मार्ग में आपकी उन्नति हो रही है या नहीं, इसका पैमाना यह है कि आपके भीतर संसार के प्रति वैराग्य, काम क्रोध पर नियंत्रण और ठाकुर जी के लिए तड़प कितनी बढ़ रही है।
जिसे माया से मुक्त होना हो, उसे सूर्योदय के समय अत्यंत सावधान रहना चाहिए।
सुबह सूर्योदय के समय कोई सांसारिक कार्य न करके, हाथ जोड़कर सूर्यनारायण के सामने खड़ा होना चाहिए और उनके तेजोमय मंडल में अपने इष्टदेव का ध्यान करना चाहिए।
जो मनुष्य सूर्य देव के प्रकाश और ऊर्जा का उपयोग करता है, वह उनका ऋणी है।
इस ऋण से मुक्त होने और कृतज्ञता प्रकट करने के लिए उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देना और उनका दर्शन करना आवश्यक है।
अन्य देवी-देवता तो भक्त के भाव और भावना से दर्शन देते हैं, परंतु सूर्य नारायण इस चराचर जगत के एकमात्र ऐसे देवता हैं जो रोज़ साक्षात और प्रत्यक्ष रूप से तेजोमय स्वरूप में दर्शन देते हैं।