बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए एक बड़ी उपलब्धि की घोषणा की है। KKR अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने वाला पहला वैश्विक क्रिकेट फ्रेंचाइजी ब्रांड बन गया है। लॉस एंजिल्स में स्थित नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड ने आधिकारिक तौर पर अपना पहला मेजर लीग क्रिकेट मुकाबला सफलतापूर्वक आयोजित किया।
इस ऐतिहासिक मौके पर शाहरुख खान ने इसे अपने लंबे समय से देखे गए सपने का साकार होना बताया। उन्होंने जय शाह, International Cricket Council के सीईओ संजोग गुप्ता और पूरी टीम का इस पहल को सफल बनाने में मिले सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद दिया।
पोमोना के फेयरफ्लेक्स में स्थित यह स्टेडियम 2028 के ओलंपिक से पहले मेजर लीग क्रिकेट के कई मुकाबलों की मेजबानी करेगा। शाहरुख ने कहा कि यह सिर्फ एक क्रिकेट स्टेडियम नहीं, बल्कि मनोरंजन, परिवारों और समुदाय को जोड़ने वाला एक ऐसा केंद्र होगा, जहां लोग यादगार पल बना सकेंगे।
उन्होंने इस उपलब्धि को अपनी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरी टीम और सभी सहयोगियों की सामूहिक जीत बताया। साथ ही लॉस एंजिल्स की टीम और इस परियोजना से जुड़े हर व्यक्ति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्रिकेट को दुनिया के नए क्षेत्रों तक पहुंचाने की यह यात्रा अभी जारी है।