देश के हर दलित व्यक्ति का जन्म से मृत्यु तक, हर जगह, हर कदम अपमान किया जाता है।
उनकी जितनी बुलंद आवाज़ होती है, उनपर उतना तेज़ हमला होता है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी के साथ हल्द्वानी में जो भी हुआ वो "शुद्धिकरण" का नाम दे कर उनके खिलाफ़ छुआछूत है - और छुआछूत भारत के संविधान के अनुसार दंडनीय अपराध है।
इस बात को 20 दिन हो गए - मगर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, कोई FIR दर्ज नहीं हुई।
नरेंद्र मोदी जी, देश के हर दलित व्यक्ति को आपकी यह दलित विरोधी विचारधारा साफ़ दिखाई दे रही है।
अब गेंद BJP के पाले में है - जल्द से जल्द SC-ST क़ानून के तहत FIR दर्ज हो, कार्रवाई हो और न्याय हो - वरना कांग्रेस पार्टी न्याय हासिल करना अच्छे से जानती है।
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपने दूरदर्शी और निडर नेतृत्व से स्वतंत्र भारत में संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों की नींव रखी और देश को एक नई दिशा प्रदान की।
उनके आदर्श और मूल्य आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। 'हिंद के जवाहर' को जयंती पर सादर नमन।
नेता विपक्ष श्री राहुल गांधी ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कर्नाटक के आलंद में ‘वोट चोरी’ के सबूत देश के सामने रखे थे।
अब BBC की पड़ताल में इस बात की पुष्टि हो गई है कि आलंद में बिल्कुल वही हुआ, जिसके बारे में राहुल गांधी जी ने बताया था।
• आलंद विधानसभा क्षेत्र में कई लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाने के लिए फ़ॉर्म 7 भरे गए
• इनमें जिन लोगों के नाम से वोटर डिलीट करने के आवेदन किए गए, उन्हें ख़ुद भी इस बारे में जानकारी नहीं थी
• यही नहीं, फ़ॉर्म 7 में दिए गए मोबाइल नंबर भी कर्नाटक के नहीं थे
राहुल गांधी जी ने यह भी बताया था कि आलंद में सॉफ्टवेयर और कॉल सेंटर की मदद से लोगों के वोट काटे गए हैं।
लेकिन चुनाव आयोग, इस मामले में कर्नाटक CID को - डेस्टिनेशन आईपी एड्रेस और OTP ट्रेल्स - जैसी कई अहम जानकारी नहीं सौंप रहा है, जिससे पता चल सके कि आख़िर ये फर्जीवाड़ा किसने और कहां से किया?
सवाल है- चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार वोट चोरों की रक्षा क्यों कर रहे हैं?
ये सीधे तौर पर देश के लोकतंत्र और संविधान पर हमला है।
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की जयंती पर उन्हें मेरा सादर नमन।
राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी अटूट निष्ठा, गरीबों और वंचितों के लिए उनके साहसिक निर्णय, और मज़बूत अर्थव्यवस्था के निर्माण में उनका ऐतिहासिक योगदान हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।
उनकी सादगी, विनम्रता और ईमानदारी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
आज BJP का दूसरा नाम है - पेपर चोर!
देशभर में बार-बार होने वाले पेपर लीक ने करोड़ों मेहनती युवाओं की ज़िंदगी और सपनों को तबाह कर दिया है।
उत्तराखंड का UKSSSC पेपर लीक इसका ताज़ा उदाहरण है। लाखों युवाओं ने दिन-रात मेहनत की, लेकिन BJP ने चोरी से उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।
हम लगातार मांग कर रहे हैं कि पेपर लीक रोकने के लिए मज़बूत और पारदर्शी सिस्टम बनाया जाए। लेकिन मोदी सरकार इस पर आंखें मूंदकर बैठी है - क्योंकि उन्हें युवाओं की बेरोज़गारी की नहीं, बल्कि अपनी सत्ता की चिंता है।
बेरोज़गारी आज देश की सबसे बड़ी समस्या है और यह सीधे तौर पर वोट चोरी से जुड़ी है। पेपर चोरों को पता है - अगर युवाओं को रोज़गार नहीं भी मिलेगा, तो भी वे चुनाव में वोट चोरी करके सत्ता में बने रहेंगे।
युवा सड़कों पर हैं और नारा दे रहे हैं - ‘पेपर चोर, गद्दी छोड़!’
यह सिर्फ़ युवाओं की नौकरी की लड़ाई नहीं है, यह न्याय और लोकतंत्र की लड़ाई है। मैं हर छात्र और युवा के साथ इस न्याय की लड़ाई में मजबूती से खड़ा हूं।
#PaperChorGaddiChod
गुजरात मॉडल स्पष्ट है - दलितों, पिछड़े वर्ग और गरीबों के लिए बुलडोज़र, जबकि अडानी के लिए हजारों एकड़ ज़मीन मुफ्त में या मात्र ₹1 की।
गांधीनगर, गुजरात के पेथापुर बस्ती में 400 से अधिक परिवारों के घर 'अवैध' बता कर उजाड़ दिए गए, जबकि उनके पास बिजली के बिल, टैक्स रसीदें, राशन कार्ड, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र जैसे वैध पहचान और रिकॉर्ड मौजूद थे।
गुजरात ही नहीं, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह की तोड़फोड़ की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। और कई मामलों में, जैसा कि गांधीनगर में था, लोगों के पास अदालतों द्वारा दिए गए स्टे आदेश भी मौजूद थे।
बीजेपी को साफ़ पता है कि वो असली जनादेश के जरिए सरकार नहीं बना सकते; उनकी सरकार चोरी से और संस्थाओं पर कब्ज़ा कर बनती है। इसलिए वो गरीबों के अधिकार छीन लेते हैं, और देश की संपत्ति को अपने कुछ अरबपति मित्रों को सौंप देते हैं।
भारत का लोकतंत्र जनता के अधिकारों के लिए है, और उनके लिए ही चलेगा। BJP और उसके मित्रों की देश से चोरी हम चलने नहीं देंगे।
बिहार वोटर अधिकार यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए लालू प्रसाद यादव जी, तेजस्वी यादव जी, दीपांकर भट्टाचार्य जी, मुकेश सहनी जी, बिहार कांग्रेस नेतृत्व, कांग्रेस के बब्बर शेरों, INDIA कार्यकर्ताओं और प्रदेश के युवाओं का दिल से धन्यवाद।
हम संकल्प लेते हैं – बिहार में एक भी वोट चोरी नहीं होगा। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा हम पूरी ताक़त से करेंगे।
#VoterAdhikarYatra
पंजाब में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि और व्यापक तबाही बेहद दुखद और पीड़ादायक है।
मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और फंसे हुए सभी लोगों की सलामती की कामना करता हूं।
केंद्र और राज्य सरकार से अपील है कि राहत और बचाव कार्यों में और अधिक तेज़ी और मज़बूती लाई जाए। बर्बादी की भयावहता को देखते हुए सरकार को मिशन मोड में काम करना होगा।
किसानों, मज़दूरों, पशुपालकों और आम नागरिकों को तुरंत और प्रभावी सहायता मिलनी चाहिए।
कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि राहत कार्य ही इस समय आपकी सर्वोच्च प्राथमिकता हो - यही आपका एकमात्र दायित्व है। हमें मिलकर पंजाब के लोगों का हाथ थामना है।
मोदी जी, पंजाब में बाढ़ ने भयंकर तबाही मचाई है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भी स्थिति बेहद चिंताजनक है।
ऐसे मुश्किल समय में आपका ध्यान और केंद्र सरकार की सक्रिय मदद अत्यंत आवश्यक है। हज़ारों परिवार अपने घर, जीवन और अपनों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
मैं आग्रह करता हूं कि इन राज्यों के लिए, खासतौर पर किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज (Special Relief Package) की तत्काल घोषणा की जाए - और राहत एवं बचाव कार्यों को तेज़ किया जाए।
इंदौर में मध्य प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में दो नवजात शिशुओं की चूहों के काटने से मौत - यह कोई दुर्घटना नहीं, यह सीधी-सीधी हत्या है। यह घटना इतनी भयावह, अमानवीय और असंवेदनशील है कि इसे सुनकर भी रूह कांप जाए।
एक मां की गोद से उसका बच्चा छिन गया, सिर्फ इसलिए क्योंकि सरकार ने अपनी सबसे बुनियादी जिम्मेदारी नहीं निभाई।
हेल्थ सेक्टर को जानबूझकर प्राइवेट हाथों में सौंपा गया - जहां इलाज अब सिर्फ अमीरों के लिए रह गया है, और गरीबों के लिए सरकारी अस्पताल अब जीवनदायी नहीं, मौत के अड्डे बन चुके हैं।
प्रशासन हर बार की तरह कहता है - “जांच होगी” - लेकिन सवाल यह है - जब आप नवजात बच्चों की सुरक्षा तक नहीं कर सकते, तो सरकार चलाने का क्या हक़ है?
PM मोदी और MP के मुख्यमंत्री को शर्म से सिर झुका लेना चाहिए। आपकी सरकार ने देश के करोड़ों गरीबों से स्वास्थ्य का अधिकार छीन लिया है - और अब मां की गोद से बच्चे तक छिनने लगा है।
मोदी जी, यह आवाज़ उन लाखों मां-बाप की तरफ से उठ रही है जो आज सरकारी लापरवाही का शिकार हो रहे हैं। क्या जवाब देंगे?
हम चुप नहीं रहेंगे। ये लड़ाई हर गरीब, हर परिवार, हर बच्चे के हक़ की है।